Delhi dog attack: दिल्ली में आवारा कुत्तों का आतंक, कुत्तों ने दो सगे भाई को नोंच- नोंचकर मार डाला...
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। दक्षिण पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां आवारा कुत्तों ने तीन दिनों के अंदर दो बच्चों को नोच- नोच कर मार डाला है। दोनों सगे भाई थे।आवारा कुत्तों ने 7 साल के बड़े भाई आनंद को पहले शुक्रवार को और 5 साल के छोटे भाई आदित्य को रविवार सुबह नोच-नोच कर मार डाला। तीन भाइयों में दोनों मझला और सबसे छोटा भाई था। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया, पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने बताया कि बच्चे के शरीर पर कुत्तों के काटने के बहुत सारे निशान पाए गए हैं। शरीर के कई अंग करीब करीब अलग हो गए थे। एडिशनल डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि दोनों ही मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस परिजनों व गवाहों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वसंत कुंज थाना पुलिस को शुक्रवार को दोपहर करीब 03.10 बजे सूचना मिली थी कि सिंधी बस्ती, रुचि विहार, रंगपुरी, वसंत कुंज से सात वर्षीय आनंद नामक बच्चा लापता है। जहां यह बस्ती है वह पूरा इलाका फॉरेस्ट लैंड है। जहां मजदूर झुग्गियां बनाकर रहते हैं। इनके बस्ती के लग कर ही जंगल आरंभ हो जाता है।
सूचना मिलते ही एसएचओ अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों के साथ मिलकर बच्चे को काफी तलाशा, मगर उसका कुछ पता नहीं चला। करीब दो घंटे बाद पुलिस टीम बच्चे को तलाशते हुए झुग्गियों के बराबर के जंगल में पहुंची, जहां उन्हें आनंद का खून से लथपथ शव वहां एक दीवार के पास मिला।
बच्चे के पूरे शरीर पर गहरे चोट और किसी जानवर द्वारा काटे जाने के निशान थे। पुलिस ने इस मामले में हत्या की धारा में मामला दर्ज कर जांच जांच का जिम्मा एसआई महेंद्र को सौंपी गई, उन्होंने तत्काल जांच शुरू कर दी। वहीं जिला एफएसएल और क्राइम की टीम ने भी मौके पर पहुंच सुराग इकट्ठा किए।
इसी मामले की जांच करते हुए एसआई महेंद्र रविवार सुबह करीब आठ बजे जंगल स्थित घटना स्थल पर गए हुए थे। इस दौरान उन्होंने एक बच्चे की चिल्लाने की आवाज सुनी तो वह दौडक़र वहां पहुंचे। उन्होंने देखा कि वहां कुछ आवारा कुत्तों ने एक बच्चे को घेर रखा और उस पर बार बार हमला कर रहा है। वह बच्चा आदित्य था, जोकि उस आनंद नामक बच्चे का छोटा भाई था, जिसकी लाश शुक्रवार को उसी स्थान पर मिली थी। पता चला कि वह अपने 24 वर्षीय चचेरा
भाई चंदन के साथ वहां शौच के लिए गया था। इसी दौरान आवारा कुत्तों ने बच्चे को घेर उसपर हमला शुरू कर दिया। आवाज सुन एसआई ने उन कुत्तों को भगाया। इससे पहले कुत्तों ने आदित्य को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। एसआई घायल बच्चे को अपने साथ अपनी कार से इंडियन स्पाइनल इंज्यूरी सेंटर लेकर गए। पर गंभीर रूप से घायल होने और अत्यधिक खून के बह जाने के कारण उसकी मौत हो गई।
पता चला कि सुबह आदित्य और चंदन दोनों शौच के लिए जंगल में गए थे। दोनों एक-दूसरे से करीब 15-20 मीटर की दूरी पर बैठे थे। इसी दौरान आवारा कुत्तों ने आदित्य पर हमला कर दिया। कुछ देर बाद जब चंदन वापस उस जगह पहुंचा, जहां उसने आदित्य को छोड़ा था तो उसने आदित्य को आवारा कुत्तों से घिरा घायल हालत में पाया।