Akanksha Dubey Suicide Case: भोजपुरी गायक समर सिंह गाजियाबाद से हुआ गिरफ्तार, जानिए कौन हैं समर सिंह...

Digital media News
By -
3 minute read
0

Akanksha Dubey Suicide Case: भोजपुरी गायक समर सिंह गाजियाबाद से हुआ गिरफ्तार, जानिए कौन हैं समर सिंह...

अभिनेत्री आकांक्षा दुबे के आत्महत्या मामले में आरोपित भोजपुरी गायक समर सिंह को वाराणसी पुलिस ने गुरुवार रात गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। समर सिंह राजनगर एक्सटेंशन स्थित चार्म्स कैसल सोसाइटी में एक परिचित के फ्लैट में छिपा था। समर को कोर्ट में पेशकर 24 घंटे के ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस उसे वाराणसी ले आई।

चौरी (भदोही) थाना क्षेत्र के बदरहां की रहने वाली भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने बीते 26 मार्च की रात सारनाथ स्थित एक होटल में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। अभिनेत्री की मां मधु दुबे ने सारनाथ थाने में मेहनगर (आजमगढ़) निवासी भोजपुरी गायक समर सिंह, बिलरियागंज के गद्दोपुर निवासी संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज कराया था। केस दर्ज होने के बाद से दोनों फरार थे। मामले के दूसरे आरोपित संजय सिंह की अभी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समर से पूछताछ संजय के लोकेशन के बारे में जानकारी मिल सकती है। जल्द ही वह भी पुलिस की गिरफ्त में होगा।

चार दिन से छिपा था फ्लैट में

पुलिस सूत्रों के मुताबिक समर चार्म्स कैसल सोसाइटी के फ्लैट नंबर एस-1304 में चार दिनों से छिपा था। फ्लैट वाराणसी में रहनेवाले उसके एक परिचित का बताया जा रहा है। इससे पहले वह दिल्ली और नोएडा में छिपा था। छापे के वक्त समर के साथ दो अन्य लोग भी मौजूद मिले। पुलिस उन्हें भी पकड़कर ले गई थी। हालांकि पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया।

लुक आउट नोटिस के बाद नहीं गया दिल्ली

समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। इसके अलावा सारनाथ पुलिस दोनों को फरार घोषित कराकर कुर्की की तैयारी में थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को समर सिंह दिल्ली से विदेश भागने के फिराक में था, लेकिन लुक आउट नोटिस जारी होने के बाद वह दिल्ली नहीं गया।

समर ने नहीं दिया सवालों का जवाब

समर सिंह को शुक्रवार को नंदग्राम थाने से मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया। इस दौरान मीडिया ने उससे प्रकरण से जुड़े कई सवाल किए। जिनका उसने जवाब नहीं दिया। थाने से बाहर निकलने से पहले उसने गमछे से मुंह छिपा लिया। मेडिकल परीक्षण के बाद वाराणसी पुलिस ने समर सिंह को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपित को 24 घंटे के अंदर बनारस कोर्ट में पेश करने के लिए रिमांड के आदेश दिए।

कौन है समर सिंह 👇

12 जून 1989 को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में जन्में समर सिंह आज भोजपुरी इंडस्ट्री का जाना माना मान हैं. उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई आजमगढ़ से ही पूरी की. गानें का शौक बचपन से था तो वह साथ में छोटे मोटे लाइव शो भी किया करते थे. धीरे-धीरे भोजपुरी इंडस्ट्री में पैर जमाए और प्रसिद्ध भोजपुरी सिंगर बन गए।दावा किया जा रहा है कि सिंगर समर सिंह एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे का बॉयफ्रेंड थे और दोनों में लंबे वक्त से अफेयर चल रहा था. एक्ट्रेस ने 14 फरवरी 2023 को समर सिंह के साथ दो पोस्ट किए थे. एक में दो तस्वीरें थीं, जिसमें वह समर सिंह को प्यार भरी निगाहों के साथ देख रही थीं और कैप्शन में लिखा था हैप्पी वैलेंटाइन्स डे. वहीं, दूसरे पोस्ट में भी दोनों कोजी-कोजी पोज दे रहे थे. हालांकि, कभी समर सिंह ने अपनी तरफ से आकांक्षा संग रिश्ते पर बात नहीं की और न कभी सोशल मीडिया पर ऐसा जाहिर होने दिया. आकांक्षा दुबे भोजपुरी सिंगर समर सिंह के साथ कई रील्स शेयर करती थीं. उनके साथ उन्होंने कई प्रोजेक्ट्स पर काम भी किया है.

वाराणसी पुलिस ने गुरुवार रात समर सिंह को चार्म्स कैसल सोसाइटी से गिरफ्तार किया है। वाराणसी पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर उसे साथ ले गई।

-निपुण अग्रवाल, डीसीपी, गाजियाबाद सिटी

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)