Delhi Traffic: आज से 50 दिनों के लिए बंद रहेगा चिराग दिल्ली फ्लाईओवर, जानिए कौन-कौन से रूट होंगे प्रभावित...
चिराग दिल्ली फ्लाईओवर को रविवार (12 मार्च) से मरम्मत कार्यों के चलते अगले 50 दिनों तक बंद कर दिया गया है। पीडब्ल्यूडी द्वारा फ्लाईओवर के प्रत्येक लेन की मरम्मत करीब 25-25 दिन में पूरा करने की योजना बनाई गई है, इन 25 दिनों के दौरान फ्लाईओवर की मरम्मत वाली लेन पर यातायात का आवागमन बंद कर दिया जाएगा जबकि फ्लाईओवर का दूसरा लेन यातायात के लिए चालू रहेगा।इसके साथ ही यात्री चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे से होकर आईआईटी से नेहरू प्लेस की ओर आने व जाने वाले मार्गों का उपयोग भी कर सकेंगे। हालांकि यातायात पुलिस ने जाम से बचने के लिए इस मार्ग का उपयोग न करके वैकल्पिक मार्गों के उपयोग की सलाह दी है।
चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के मरम्मत कार्य की ये पूरी प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होनी सुनिश्चित की गई है। आज से शुरू हो रहे पहले चरण में चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के नेहरू प्लेस से आइआइटी की ओर जाने वाले मार्ग (लेन) की मरम्मत की जाएगी और इसके चलते करीब 25 दिनों तक इसे बंद रखा जाएगा।
वहीं, दूसरे चरण में फ्लाईओवर के आइआइटी से नेहरू प्लेस की ओर जाने वाले मार्ग (लेन) की मरम्मत होनी सुनिश्चित की गई है। इस दौरान फ्लाईओवर का दूसरा लेन यातायात के लिए चालू कर दिया जाएगा।
फ्लाईओवर के मरम्मत का कार्य पूरा होने तक लोगों को जाम की समस्या से बचने के लिए यातायात पुलिस द्वारा वैकल्पिक मार्गों के उपयोग करने की सलाह दी गई है। यातायात पुलिस ने इन वैकल्पिक मार्गों से संबंधित एक एडवाइजरी जारी की है जिसका उपयोग कर यात्रियों को जाम की समस्या से थोड़ी राहत मिल सकेगी।
दिल्ली यातायात पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, बाहरी रिंग रोड पर चिराग दिल्ली फ्लाईओवर की ओर भारी और वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही को आवश्यकता पड़ने पर प्रतिबंधित किया जा सकता है ताकि इस ओर यातायात सुचारु बना रहे।
इन वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग
- यातायात पुलिस द्वारा धौला कुआं, एम्स, डिफेंस कालोनी आदि की ओर जाने वाले यात्रियों को नेहरू प्लेस फ्लाईओवर के नीचे से दाएं मुड़कर मूलचंद अस्पताल फ्लाईओवर की ओर लाला लाजपत राय मार्ग के अनुसरण की सलाह दी गई है।
- बाहरी रिंग रोड पर आइआइटी दिल्ली से ग्रेटर कैलाश और नेहरू प्लेस की ओर जाने वाले यात्रियों को रिंग रोड जाने के लिए पंचशील फ्लाईओवर के नीचे से अगस्त क्रांति मार्ग पर बाएं मुड़ने और फिर मूलचंद फ्लाईओवर के नीचे से लाला लाजपत राय मार्ग पर दाएं मुड़कर गंतव्य तक पहुंचने की सलाह दी गई है।
- बाहरी रिंग रोड पर आइआइटी से ग्रेटर कैलाश और नेहरू प्लेस की ओर जाने वाले यात्रियों को आइआइटी फ्लाईओवर के नीचे से अरबिंदो मार्ग पर बाएं मुड़ कर रिंग रोड का प्रयोग करके मूलचंद फ्लाईओवर के नीचे से लाला लाजपत राय मार्ग पर दाएं मुड़ कर गंतव्य तक पहुंचने की सलाह दी गई है। source: digital media
एक टिप्पणी भेजें
0टिप्पणियाँ